Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Rajasthan: भाजपा मुख्यालय के बाहर लगे होर्डिंग से वसुंधरा का फोटो गायब, नेताओं में खींचतान जारी

राजस्‍थान में भाजपा नेताओं के बीच खींचतान जारी है जयपुर स्थित प्रदेश मुख्यालय के बाहर लगे होर्डिंग से वसुंधरा राजे की फोटो भी हटा दी गई है। फोटो गायब होने को लेकर पार्टी में कई तरह के कयास लगाए जाने लगे।

By Babita KashyapEdited By: Updated: Wed, 09 Jun 2021 09:20 PM (IST)
Hero Image
भाजपा मुख्यालय के बाहर लगे होर्डिंग से वसुंधरा का फोटो गायब

जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान के भाजपा नेताओं में खींचतान लगातार बढ़ती जा रही है। एक तरफ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके समर्थक है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया व अन्य नेता हैं। भाजपा में अब होर्डिंग की राजनीति सामने आई है।

जयपुर स्थित प्रदेश मुख्यालय के बाहर दो दिन पहले तक एक बड़ा होर्डिंग लगा हुआ था, जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जे.पी.नड्डा के साथ ही वसुंधरा, कटारिया व पूनिया की फोटो थी। तीन विधानसभा सीटों पर उप चुनाव के दौरान कटारिया ने महाराणा प्रताप के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे नाराज करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने होर्डिंग पर स्याही फेंक दी थी।

13 अप्रैल को स्याही पोतने के कारण खराब हुआ होर्डिंग हटा दिया गया था। मंगलवार को नया होर्डिंग लगाया गया है, जिससे वसुंधरा राजे की फोटो गायब है। वसुंधरा राजे का फोटो गायब होने को लेकर पार्टी में कई तरह के कयास लगाए जाने लगे। इस पर मीडिया प्रभारी विमल कटियार ने सफाई दी कि विधायक दल के नेता और अध्यक्ष का ही फोटो लगाने का निर्णय पार्टी ने लिया है। इसमें किसी तरह की राजनीति नहीं है। राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी ने जो फॉर्मेट तैयार किया है, उसी के आधार पर होर्डिंग में फोटो लगाए गए हैं।