Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मास्टर प्लान- 2031 फेज दो में विकसित होगा न्यू आगरा अर्बन सेंटर, एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू; इतने हेक्टेयर में बनेगा ये सेंटर

यीडा की 79वीं बोर्ड बैठक में न्यू आगरा अर्बन सेंटर का मास्टर प्लान तैयार कराने पर सहमति दी गई थी। यीडा की आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों ओर डेढ़-डेढ़ किमी के दायरे में चार विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) विकसित करने की योजना है। चारों एसईजेड में इलेक्ट्रानिक व्हीकल्स इलेक्ट्रानिक्स आधारित उद्योग लगाए जाएंगे। आवासीय संस्थागत वाणिज्यिक व अन्य गतिविधियां होंगी।

By Nirlosh Kumar Edited By: Riya Pandey Updated: Sun, 10 Mar 2024 09:13 PM (IST)
Hero Image
मास्टर प्लान- 2031 फेज दो में विकसित होगा न्यू आगरा अर्बन सेंटर

जागरण टीम, आगरा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) आगरा में न्यू आगरा अर्बन सेंटर बनाएगा। यह 10 हजार 500 हेक्टेयर में बनेगा। मास्टर प्लान-2031 के फेज दो में न्यू आगरा अर्बन सेंटर को शामिल करते हुए यीडा ने मास्टर प्लान तैयार करने को सलाहकार एजेंसी से प्रस्ताव मांगे हैं। चयनित एजेंसी सर्वे कर मास्टर प्लान के साथ अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

यीडा ने फेज दो में मास्टर प्लान-2031 में आगरा के अधिसूचित क्षेत्र को शामिल करते हुए न्यू आगरा अर्बन सेंटर की रूपरेखा पर काम शुरू किया गया है। यीडा के अधिसूचित क्षेत्र में आगरा के 60 गांव अधिसूचित हैं। इन गांवों का कुल क्षेत्रफल 11 हजार 455 हेक्टेयर है। यीडा इसमें से 10 हजार 500 हेक्टेयर का मास्टर प्लान तैयार करने जा रहा है। इसके लिए सलाहकार एजेंसी नियुक्त की जाएगी। न्यू आगरा अर्बन सेंटर में औद्योगिक, आवासीय, हरित क्षेत्र समेत सभी तरह की अनुमन्य गतिविधियां होंगी।

सलाहकार एजेंसी को रिपोर्ट में जनसंख्या, ट्रांसपोर्ट सिस्टम, सड़कों का संरचनात्मक ढांचा, पर्यावरण की स्थिति, आर्थिक-सामाजिक सुविधाएं, उद्योग की स्थिति व संभावना, कारोबार की स्थिति, यमुना नदी समेत क्षेत्र में मौजूद जल स्रोत की स्थिति पर रिपोर्ट तैयार करनी होगी। लैंड यूज, लोकेशन प्लान, ट्रांसपोर्ट मास्टर प्लान, कैपिटल इंवेस्टमेंट्स प्लान आदि इसमें शामिल होंगे।

हरित उद्योगों को मिलेगी प्राथमिकता

आगरा, ताज ट्रेपेजियम जोन में शामिल है। यहां प्रदूषणकाराी उद्योगों की स्थापना पर प्रतिबंध है। न्यू आगरा अर्बन सेंटर में हरित श्रेणी वाले प्रदूषण रहित उद्योग व पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों और सर्विस उद्योग को यीडा द्वारा प्राथमिकता दी जाएगी।

चार विशेष आर्थिक क्षेत्र होंगे विकसित

यीडा की 79वीं बोर्ड बैठक में न्यू आगरा अर्बन सेंटर का मास्टर प्लान तैयार कराने पर सहमति दी गई थी। यीडा की आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों ओर डेढ़-डेढ़ किमी के दायरे में चार विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) विकसित करने की योजना है। चारों एसईजेड में इलेक्ट्रानिक व्हीकल्स, इलेक्ट्रानिक्स आधारित उद्योग लगाए जाएंगे। आवासीय, संस्थागत, वाणिज्यिक व अन्य गतिविधियां होंगी। एसईजेड का स्वरूप पूर्णत: एक छोटे औद्योगिक शहर के रूप में होगा।

यीडा सीईओ डा. अरुणवीर सिंह के अनुसार, आगरा में यीडा के अधिसूचित क्षेत्र में न्यू आगरा अर्बन सेंटर का मास्टर प्लान तैयार कराया जाएगा। इसके लिए सलाहकार एजेंसी नियुक्त करने को प्रस्ताव मांगे गए हैं। मास्टर प्लान तैयार होने के बाद आगरा अर्बन सेंटर में विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। 

यह भी पढ़ें-

ससुर के गम में सास हुई शराबी...,शादी में नानवेज नहीं बनाने पर रूठा पति; परामर्श केंद्र पहुंच रहे अजीबो-गरीब मामले