Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Azamgarh News: दाउद के घर फिर लोगों ने बोला धावा, महिलाएं बोली- बुलडोजर चलेगा तो ही हटेंगे

आजमगढ़ के अतरौलिया क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत के बाद लोगों ने आरोपी दाऊद के घर पर हमला किया और सड़क जाम कर दी। पुलिस ने उपद्रवियों को चिन्हित करने के लिए वीडियो की मदद ली और कई लोगों पर मुकदमा दर्ज किया। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने कहा कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Thu, 19 Sep 2024 02:19 AM (IST)
Hero Image
आजमगढ: तेरस की मौत के विरोध में बंद बाजार की दुकानें। जागरण।

संवाद सूत्र, आजमगढ़। अतरौलिया क्षेत्र के खानपुर फतेह निवासी तेरस सोनकर की मौत को लेकर मंगलवार की ही तरह बुधवार को भी आक्रोशित लोगों ने कार से कुचलने के आरोपी दाऊद के घर धावा बोल दिया। वहां पत्थरबाजी करने के साथ ही आरोपी दाऊद के घर के सामने अयोध्या-आजमगढ़ मार्ग को करीब डेढ़ घंटे जाम रखा। 

इस दौरान जबरन बंद कराने के कारण अधिकतर दुकानदार दुकानें बंद कर दिए। लोग एसपी ग्रामीण चिराग जैन के समझाने-बुझाने पर तब माने जब दोपहर में शव पहुंचा। इस मामले में पुलिस वीडियो आदि के सहारे उपद्रवियों को चिन्हित कर रही है। कई लोगों पर देर रात ज्ञात और अज्ञात मुकदमा भी कराया गया।

यह है पूरा मामला

विदित हो कि पड़ोसी दाउद की कार से दो लोग छह सितंबर को कुचल गए थे। आरोप था कि दाऊद ने जानबूझकर कार को दोबारा आगे-पीछे कर दोनों लोगों को कुचला था। घायल तेरस सहित दोनों लोगों को लाइफ लाइन हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। 

इस दौरान मंगलवार को मौत से आक्रोशित लोगों ने उसी रात हंगामा किया था। वहीं बुधवार की सुबह भी बवाल मचाया। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने आरोपी के घर पर पथराव किया। आजमगढ़ अयोध्या मार्ग से वाहनों की लाइन लगी रही। 

दरअसल, हो हंगामे के कारण कप्तानगंज में ही शव को रोक दिया गया। पुलिस को आशंका थी कि कहीं इस समय पहुंचने से ज्यादा बवाल न हो जाए। इस पर कुछ लोगों ने अफवाह फैला दी कि प्रशासन द्वारा मृत तेरस के शव को नहीं दिया जा रहा है। इससे लोग और आक्रोशित हो हुए और इसी के बाद एकजुट होकर आरोपित के घर धमक पड़े। 

मौके पर तैनात पुलिस व पीएसी ने उन्हें रोकने की, लेकिन भीड़ किसी की कतई सुनने को तैयार नहीं थी। हालांकि, बाद में बवाल समाप्त होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

घटना का जो दोषी है वह जेल में बंद है। उसके खिलाफ धारा बढ़ाकर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। जो भी उसका मददगार हैं वह भी बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित परिवार को पूरी तरह से न्याय दिलाया जाएगा। इसके साथ जिसने भी उपद्रव किया उसके खिलाफ भी सख्त ऐक्शन लिया जाएगा। किसी को कानून से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

-चिराग जैन, एसपी ग्रामीण।

महिलाओं की रही मांग चलवाइए बुलडोजर तभी हटेंगे

दाउद के घर के सामने करीब 50 की संख्या में महिलाएं पहुंच गईं। वह दाउद के घर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहीं थीं। पुलिस के तमाम प्रयास के बाद भी वह मानने को तैयार नहीं थीं। सबका समझाना-बुझाना उनके सामने निरर्थक रहा। ऐसे में बाद में जब उनसे कहा गया है कि हटने के बाद ही शव आएगा तो लोगों का आक्रोश बढ़ गया। हालांकि, इसके बाद उन्हें किसी तरह हटाया गया।

यह भी पढ़ें: मथुरा में मालगाड़ी के 25 डिब्बे पटरी से उतरे, दिल्ली और जयपुर की ओर आने-जाने वाली 18 ट्रेनें रद या रूट बदले

यह भी पढ़ें: कुत्ते को बचाने के लिए चला बुलडोजर… देखने वालों की लग गई भीड़, खोद कर देखा तो उड़ गए होश