Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ghaziabad Election Result 2024: वाह, मजा आ गया... उत्साहित कार्यकर्ताओं को देखकर बोले अतुल गर्ग

गाजियाबाद लोकसभा सीट पर एक बार फिर से कमल खिला है। भाजपा प्रत्याशी एवं शहर सीट से विधायक अतुल गर्ग ने सवा तीन लाख से अधिक मतों से जीत दर्ज की। वहीं कांग्रेस की डॉली शर्मा ने पांच लाख से अधिक मत प्राप्त किए। मतगणना आरंभ होने के साथ ही भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग शुरुआती चक्र से ही बढ़त बनाए रहे।

By Abhishek Singh Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Wed, 05 Jun 2024 01:58 PM (IST)
Hero Image
वाह, मजा आ गया... उत्साहित कार्यकर्ताओं को देखकर बोले अतुल गर्ग

अभिषेक सिंह, गाजियाबाद। गाजियाबाद में लगातार चौथी बार भाजपा प्रत्याशी की जीत के बाद नवयुग मार्केट स्थित भाजपा के चुनाव कार्यालय के बाहर जोश और उत्साह से भरे कार्यकर्ताओं को देख जब अतुल गर्ग ने उनको संबोधित करने के लिए माइक थामा तो मुंह से शब्द निकले वाह, मजा आ गया।

इतना सुनते ही कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर और जिंदाबाद के नारे लगाकर उनको जीत की बधाई दी। चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले ही कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मतगणना स्थल के बाहर फार्म हाउस में उनसे मुलाकात करना शुरू कर दिया। मिठाई खिलाकर बधाई देने लगे। घर पर भी कार्यकर्ता एकजुट होने लगे।

विजयी जुलूस निकालने पर लगी है रोक

आचार संहिता लागू होने के कारण विजयी जुलूस निकालने पर रोक लगी है। ऐसे में भाजपा के पदाधिकारियों ने चुनाव कार्यालय के बाहर ही कार्यकर्ताओं को एकजुट होने के निर्देश दिए। जैसे ही कार्यकर्ताओं को पता चला कि शाम पौने सात बजे अतुल गर्ग उनसे मिलने के लिए आ रहे हैं तो उनका उत्साह बढ़ गया।

सैकड़ों की संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अतुल गर्ग के पहुंचने पर उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। अतुल गर्ग ने उनकी मेहनत को सराहा और उनके अच्छे- बुरे वक्त में उनके साथ खड़ा रहने का वादा किया। उन्होंने कहा कि यह जीत सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है, इसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे। अतुल गर्ग की तस्वीर और उनके संबोधन को कार्यकर्ताओं ने अपने मोबाइल में भी कैद किया।

कांग्रेस की डॉली शर्मा को छोड़ सभी की जमानत जब्त

गाजियाबाद सीट पर भाजपा, कांग्रेस और बसपा प्रत्याशी समेत कुल 14 उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने चुनाव सवा तीन लाख से अधिक मतों से जीता। दूसरे स्थान पर रहीं कांग्रेस प्रत्याशी डाली शर्मा ने पांच लाख से अधिक मत प्राप्त किए। कांग्रेस को छोड़ बाकी सभी 11 प्रत्याशी जमानत भी नहीं बचा पाए।