Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गाजियाबाद हत्याकांड में पुलिस के हाथ लगा बड़ा सुराग, जमीन में दबा मिला मोबाइल; आला कत्ल भी बरामद

गाजियाबाद के बदरपुर गांव में राशिद की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ा सुराग मिला है। घटनास्थल के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है जो मृतक का बताया जा रहा है। पुलिस ने आला कत्ल भी बरामद किया है। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

By Hasin Shahjama Edited By: Sonu Suman Updated: Fri, 20 Sep 2024 07:45 PM (IST)
Hero Image
गाजियाबाद में राशिद की हत्या के मामले में पुलिस को अहम साक्ष्य मिले हैं।

संवाद सहयोगी, गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की बदरपुर गांव में मंगलवार को हुई राशिद की हत्या के मामले में पुलिस को अहम साक्ष्य मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को घटनास्थल के पास से एक मोबाइल मिला है। यह मोबाइल जमीन में दबा था। मोबाइल मृतक का बताया जा रहा है। पुलिस ने आला कत्ल भी बरामद कर लिया है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस जल्द ही घटना का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है।

बदरपुर गांव में राशिद पत्नी मोमिना, चार बेटी और एक बेटे के साथ रहते थे। वह ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करते थे। चार दिन से वह फैक्ट्री नहीं जा रहे थे। उनका 10 वर्षीय बेटे सुफयान चार दिन से घर से लापता था। राशिद सोमवार रात 11:30 बजे बेटे को तलाश करने के लिए घर से निकले थे। मंगलवार सुबह घर से 500 मीटर की दूरी पर राशिद का शव धान के खेत में मिला था।

राशिद के चेहरे पर चाकू से वार के थे पांच निशान

राशिद के चेहरे पर चाकू के वार के पांच निशान थे। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ। पत्नी मोमिना ने गांव के ही महताब व उसके बेटे सुहेल, जावेद व आदिल, गुलफाम, सन्नो के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

सूत्रों का कहना है कि पुलिस हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल बरामद कर लिया है। पुलिस को एक डंडा भी मिला है। माना जा रहा है आरोपितों ने राशिद के सर में डंडे भी मारे थे। पुलिस कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है। बरामद हुए आला कत्ल की यह तस्दीक की जा रही है, क्योंकि पूछताछ में लोग पुलिस को गुमराह भी कर सकते हैं।

कुछ साक्ष्य मिले हैं, जिनकी पुलिस तस्दीक कर रही है। तस्दीक होने से पहले कुछ नहीं कहा जा सकता है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। - सूर्यबली मौर्य, सहायक पुलिस आयुक्त

यह भी पढ़ें- दूसरी शादी करना सवाब का काम... मौलवी और कारोबारी के बीच हुई बातचीत, कॉल रिकॉर्डिंग सुनते ही पत्नी पहुंची थाने