Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

यूपी के यात्रियों को नहीं करना पड़ेगा लंबा इतंजार, बस एक 'क्लिक' से मिलेगी रोडवेज बसों की पूरी जानकारी

अब उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की वेबसाइट और ऐप पर हर बस की पूरी जानकारी उपलब्ध होगी। किसी भी शहर का चयन करके बसों की संख्या आगमन समय बस का प्रकार और बस नंबर जैसी जानकारी प्राप्त करें। यात्रियों को अब बस अड्डों पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय द्वारा पूरे प्रदेश में ही इसे लागू किया जाएगा।

By Rahul Kumar Edited By: Sonu Suman Updated: Sat, 21 Sep 2024 10:25 PM (IST)
Hero Image
हर बस की पूरी जानकारी यूपीएसआरटीसी की वेबसाइट व ऐप पर होगी।

राहुल कुमार, गाजियाबाद। परिवहन निगम की रोडवेज बसों में सफर करने के लिए यात्रियों को आने वाले दिनों में भटकना नहीं पड़ेगा और न ही बस का इंतजार करना पड़ेगा। ट्रेनों की तर्ज पर ही डिपोवार हर बस की पूरी जानकारी उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की वेबसाइट व ऐप पर होगी।

ट्रेनों की तरह ही किसी भी शहर का विकल्प चयन कर 'क्लिक' करते ही उस रूट पर संचालित बसों की संख्या, प्रत्येक स्टैंड पर बस के पहुंचने का समय, बस का प्रकार, बस नंबर समेत पूरी जानकारी खुलकर आ जाएगी। अभी तक यात्रियों को बस अड्डा व स्टैंड पर बस का इंतजार करना पड़ता है।

यात्री सुविधानुसार स्टैंड पर बस का इंतजार कर सकेंगे

उनके शहर की बस आने में कितना समय लगेगा यह पता नहीं चल पाता है। इससे उन्हें कई बार घंटों इंतजार कर अपने गंतव्य तक जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ती है। परिवहन निगम की सभी बसें ऑनलाइन होने से यात्री अपनी सुविधानुसार अपने पास के स्टैंड पर जाकर बस में बैठ सकेंगे।

सभी बसों की पूरी जानकारी वेबसाइट पर अपलोड

मुख्यालय के आदेश पर गाजियाबाद रीजन के प्रत्येक डिपो ने सभी बसों की पूरी जानकारी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। जल्द ही यह सुविधा यात्रियों को मिलनी शुरू हो जाएगी। परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि इसके लिए मुख्यालय द्वारा एक मार्गदर्शी व मास्टर एप भी तैयार कराई जा रही है।

वेबसाइट के साथ ही ऐप पर भी हर बस से जुड़ी पूरी जानकारी मिल सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय द्वारा पूरे प्रदेश में ही इसे लागू किया जाएगा।

एक रूट पर कितनी बसें इसकी भी मिलेगी जानकारी

यात्रियों को यह जानकारी भी मिलेगी कि जिस शहर के लिए उन्हें जाना है उस रूट पर 24 घंटे में कितनी बसें संचालित होती हैं। कौन सी बस डिपो से किस समय चलेगी और किस स्टाप पर कब पहुंचेगी। इसकी पूरी सूची यात्री आनलाइन देख सकेंगे।

बस अड्डे पर बड़ी स्क्रीन व कियोस्क

बस अड्डे पर अपने शहर की बस के बारे में पूछने के लिए यात्री भटकते रहते हैं। यह सुविधा होने से पूछताछ केंद्र व अधिकारियों-कर्मचारियों से बस के बारे में पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यहां पर एक बड़ी स्क्रीन व कियोस्क लगाया जाएगा। इसमें यात्री देख सकेंगे कि उनके शहर की बस किस टाइम चलेगी।

अनुबंधित बस संचालक कर रहे विरोध

बसों का शेड्यूल निर्धारित करने के बाद से ही अनुबंधित बस संचालक परेशान हैं। वह क्षेत्रीय प्रबंधक व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। उनका कहना है कि निर्धारित समय के अनुसार बसों का संचालन नहीं हो पाएगा। जो बस अभी तीन बार मेरठ जा रही है वह छह बार कैसे जा सकेगी। कई बार यात्री नहीं मिलते हैं। इस स्थिति में बस को खाली ही चलाना पड़ेगा। इससे राजस्व प्राप्त नहीं होगा तो कमाएंगे क्या।

डिपो वार बसों की संख्या

डिपो कुल बस
साहिबाबाद 146
लोनी 114
कौशांबी 114
खुर्जा 92
बुलंदशहर 84
सिकंदराबाद 73
हापुड़ 109
गाजियाबाद 59

मुख्यालय के आदेश पर सभी बसों का शेड्यूल तैयार कर दिया गया है। हर रूट पर बसों की संख्या, अड्डे से संचालित होने व स्टाप पर पहुंचने का समय वेबसाइट पर अपडेट कर दिया गया है। आने वाले दिनों में सभी बसों की जानकारी ऑनलाइन होंगी। - शिव बालक, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, कौशांबी डिपो।

यह भी पढ़ेंः गाजियाबाद में मीट की दुकानों पर सरकार की बड़ी कार्रवाई, कई दुकानें बंद कराईं गईं; ढाबों से लिए नमूने