Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गोरखपुर में हुक्काबार चलाने वालों पर शिकंजा कसेगी पुलिस, लाइसेंस निरस्त कराने की तैयारी

गोरखपुर पुलिस ने गुलरिहा रामगढ़ताल और कैंट क्षेत्र में पांच हुक्का बार पकड़ा था। सभी संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही रेस्टोरेंट व होटलों में चल रहे हुक्का बार का लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी चल रही है।

By Pragati ChandEdited By: Updated: Wed, 24 Aug 2022 05:21 PM (IST)
Hero Image
गोरखपुर में हुक्काबार चलाने वालों पर शिकंजा कसेगी पुलिस। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर में रेस्टोरेंट व बार में हुक्का बार चलाने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी चल रही है। संचालक व कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद अब बार का लाइसेंस निरस्त कराने की तैयारी शुरू कर दी है। एसपी सिटी ने बताया कि कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा जाएगा।

यह है मामला

शहर के रेस्टोरेंट व बार में हुक्का बार चलने की शिकायत पर रविवार की रात एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने पांच होटल व रेस्टोरेंट में छापा डाला। जिसमें सरैया बाजार के पास स्थित रेडिएंट रिसॉर्ट (Radiant Resort) होटल, रामगढ़ताल के होटल रेड कार्पेट (Red Carpet Hotel), इसी क्षेत्र के टाइटेनिक लाज एंड वार तथा कैंट के गोलघर व जीडीए टावर में स्थित दो स्थानों पर अवैध रूप से हुक्का बार चलता हुआ पाया गया था। पांचों जगह 31 हुक्का व तंबाकू मिला था जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। एसपी सिटी के निर्देश पर गुलरिहा, रामगढ़ताल व कैंट थाना पुलिस ने संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

रोक के बाद भी चल रहे हुक्का बार

शहर में चोरी से चल रहे हुक्का बार ने पुलिस व प्रशासन के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे हुक्का बार में जुटे युवा देर रात तक नशे की पार्टी करते हैं। कोरोना संक्रमण के दौरान अभियान चलाकर हुक्का बार संचालकों के खिलाफ खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी।

इन इलाकों में चलते हैं हुक्का बार

शहर के गोलघर, बैंक रोड, असुरन, मेडिकल कालेज रोड, देवरिया बाइपास, जेल बाइपास, रुस्तमपुर, गोरखनाथ में अत्याधुनिक साज- सज्जा युक्त हुक्का बार चलते हैं। रोजाना शाम को यहां युवक व युवतियों की भीड़ जुटती है।

डाक्टर के घर में चोरी करने वाले गिरफ्तार

डॉक्टर के मकान में चोरी करने वाले दो आरोपितों को शाहपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। दोपहर बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक थाना शाहपुर रणधीर मिश्रा ने बताया कि राप्तीनगर के फेज-तीन स्थित डॉ. चन्द्रप्रकाश सिंह के निर्माणाधीन मकान में चोरी हो गई थी।सीसी कैमरा फुटेज की मदद से मंगलवार की सुबह पिपराइच के जंगल धूसड़ टोला हैदरगंज निवासी साजिद अली व कैलाश को राप्तीनगर फेज चार से मंगलवार की सुबह गिरफ्तार किया गया।