Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

फरारी काट रहे अतीक के गुर्गे के पास थी लाइसेंसी रायफल, परिवार ने कहा मर चुका है अब्दुल कवि; अब किया समर्पण

Umesh Pal Case Update माफिया अतीक अहमद के गुर्गे अब्दुल कवि के कोर्ट में समर्पण करने के बाद एक नया तथ्य सामने आया है। पता चला है कि फरारी के दौरान अब्दुल की लाइसेंसी रायफल का नवीनीकरण हुआ था।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek PandeyUpdated: Sun, 09 Apr 2023 11:05 AM (IST)
Hero Image
फरारी काट रहे अतीक के गुर्गे के पास थी लाइसेंसी रायफल

जासं,कौशांबी: अब्दुल कवि के सीबीआई कोर्ट में समर्पण के बाद एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पता चला है कि फरारी के दौरान अब्दुल कवि के रायफल का नवीनीकरण हुआ था। उसके शस्त्र लाइसेंस का नवीनीकरण कैसे और किन परिस्थितयों में हुआ था, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।

लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी

फिलहाल शस्त्र का लाइसेंस निरस्त कराने की तैयारी है। इसके अलावा किस योजना के तहत कवि को उसके पिता ने अपनी जायदाद से बेदखल किया था, इस पर भी जांच शुरू हो सकती है।

उमेश पाल की हत्या के बाद पुलिस ने राजू पाल हत्याकांड में भगोड़ा शूटर अब्दुल कवि के परिवार वालों पर शिकंजा कसना शुरू किया तो घरवालों ने बताया कि कोरोना काल के दौरान कवि की मौत हो चुकी है। मगर इस बारे में पुलिस को कोई साक्ष्य नहीं दे सके।

पोर्टल में नहीं कोई जानकारी

संदेह गहराने पर जांच शुरू हुई तो पता चला कि कवि के पास रायफल का लाइसेंस जारी हुआ है। वर्ष 2014-15 में शस्त्र लाइसेंस के संबंध में यूनिक आइडी की व्यवस्था थी। वर्ष 2009 तक कवि के लाइसेंस की जानकारी आनलाइन व आफलाइन मिली, लेकिन बाद में पोर्टल पर शस्त्र के संबंध में जानकारी नहीं मिली।

इसी बीच एडीजी जोन भानु भास्कर ने अब्दुल कवि पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। उनके निर्देश पर कौशांबी पुलिस ने अब्दुल के करीबी व परिवार पर पुलिस का इस कदर शिकंजा कसा कि उसने कोर्ट में समर्पण कर दिया। साथ ही परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों के घर से कई असहले मिले, लेकिन अब्दुल कवि की रायफल नहीं मिली।

18 साल से था फरार

इसकी जानकारी कौशांबी पुलिस को हुई तो एसपी ने मामले की जांच शुरू करा दी। गौर करने वाली बात यह है कि 18 वर्ष से यदि वह फरार चल रहा था तो उसके शस्त्र का नवीनीकरण कैसे होता रहा। यदि नहीं भी हुआ तो पुलिस ने लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई में अनदेखी क्यों की थी।

एसपी बृजेश श्रीवास्तव का कहना है कि कवि के पास लाइसेंसी राइफल होने का मामला सामने आया है। लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई के लिए सराय अकिल पुलिस को निर्देशित किया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है और जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।