Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Banke Bihari Mandir: मंद‍िर में भीड़ बन रही मुसीबत का सबब! रोज आने वाले श्रद्धालुओं की संख्‍या कर देगी हैरान

Banke Bihari Mandir ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में बीते एक वर्ष से भक्तों की भीड़ बढ़ी है। भीड़ नियंत्रण के प्रशासन के सारे दावे फेल हो गए हैं। हाल ये है कि अब सप्ताह के सातों दिन अधिक भीड़ होने के कारण स्थिति खराब होती जा रही है। सामान्य दिनों में भी अब करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन को पहुंच रहे हैं।

By Jagran NewsEdited By: Vinay SaxenaUpdated: Tue, 03 Oct 2023 08:53 PM (IST)
Hero Image
मथुरा- वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के ल‍िए लगी भक्तों की भीड़।- जागरण।

संवाद सहयोगी, वृंदावन। ये व्यवस्था की बलिहारी है। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर (Banke Bihari Mandir) में दर्शन को आने वाले श्रद्धालु धक्के खा रहे हैं। भीड़ नियंत्रण में प्रशासन फेल हुआ, तो आसपास रह रहे लोगों की जिंदगी मुश्किल हो गई। लोग भीड़ के कारण अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं। न बुजुर्ग दवा लेने जा पाते हैं और न ही बच्चों का आसानी से स्कूल आना जाना होता है। बाजार में अधिक भीड़ के कारण व्यापार भी पूरी तरह चौपट हो रहा है।

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में बीते एक वर्ष से भक्तों की भीड़ बढ़ी है। भीड़ नियंत्रण के प्रशासन के सारे दावे फेल हो गए हैं। हाल ये है कि अब सप्ताह के सातों दिन अधिक भीड़ होने के कारण स्थिति खराब होती जा रही है। सामान्य दिनों में भी अब करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन को पहुंच रहे हैं। मंदिर के अंदर तो भीड़ का दबाव रहता है, बाहर भी गलियों में पैर रखने की जगह नहीं बचती।

मंदिर की गलियों में जिनके मकान हैं, वह मुश्किल में फंस गए हैं। गली पूरी तरह भीड़ से अटी होने के कारण वह घर में कैद होकर रह गए हैं, जितनी देर मंदिर के पट खुलते हैं, वह बाहर नहीं निकल पाते। घर के जरूरी काम तक नहीं हो पाते हैं। स्कूल वाहन काफी दूर ही बच्चों को छोड़ देते हैं। गलियों में भीड़ इतनी अधिक होने लगी है कि यहां पर व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भीड़ में धक्का-मुक्की करते श्रद्धालु दुकानों तक नहीं पहुंच पाते हैं।

क्या कहते हैं लोग?

ब‍िहारीपुरा न‍िवासी अन्नू पंडित ने कहा क‍ि भीड़ के कारण घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बच्चे स्कूल नहीं जा पाते, बीमार हो जाएं तो अस्पताल तक जाना मुश्किल है। जब मंदिर के पट बंद होते हैं, तभी घर से निकल पाते हैं।

मनीपाड़ा न‍िवासी अर्पित ने बताया क‍ि भीड़ का दबाव ऐसा है कि घर से निकल नहीं पा रहे। घर में अगर दूध, दवा और जरूरी वस्तु लानी होती है, तो मंदिर के पट बंद होने का इंतजार करना पड़ता है। घर में कैद होकर रह जाते हैं, बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।

यह भी पढ़ें: Banke Bihari Mandir में दर्शन काे उमड़ी भारी भीड़ से हालात बिगड़े; घरों में कैद हुए स्थानीय लोग, व्यवस्था फेल

क्या बोले व्यापारी?

व्‍यापारी संजीव कुमार ने बताया क‍ि भक्तों की भीड़ बढ़ती है, तो पूरा बाजार खचाखच भर जाता है। मंदिर की ओर जाते श्रद्धालुओं को दर्शन की जल्दी होती है, तो दुकान पर चढ़ना भी उन्हें उचित नहीं लगता। दर्शन करके लौटते हैं, तो आपाधापी में हालत खराब होने के कारण वे गंतव्य को भागते नजर आते हैं।

यह भी पढ़ें: Banke Bihari Mandir दूसरी जगह बनाने का प्रस्ताव, आचार्य प्रह्लाद गोस्वामी बोले- सुलझ जाएगी भीड़ की समस्या

व्‍यापारी पुनीतवल्लभ गौतम ने कहा क‍ि प्रशासन की व्यवस्था से न तो श्रद्धालु ही राहत पा रहे हैं और न ही स्थानीय निवासी और व्यापारी। भीड़ के दबाव में व्यापार पूरी तरह ठप हो रहा है। अधिक भीड़ होती है, तो श्रद्धालु दुकान पर चढ़ता तक नहीं है।

रोज पहुंचते हैं 1.50 लाख से अधिक श्रद्धालु

  • 1.50 लाख से अधिक श्रद्धालु सामान्य दिनों में प्रतिदिन पहुंच रहे दर्शन को।
  • 3 लाख से अधिक श्रद्धालु वीकेंड में आ रहे वृंदावन।
  • 5 से 7 लाख श्रद्धालु प्रमुख पर्वों पर आते हैं।
  • 1 वर्ष से गलियों की हालत बेहद खराब हुई।