Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पहले हथौड़ी से बीवी और दोनों बच्चों को मारा, फिर खुद लगा ली फांसी; रायबरेली में डॉक्‍टर क्‍यों बना हैवान?

यूपी के रायबरेली में बेहद हैरान करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक डॉक्‍टर ने गुस्से में अपने परिवार को ही खत्म कर दिया। डॉक्‍टर ने पहले अपनी पत्नी और फ‍िर दोनों बच्चों की हथौड़ी मारकर हत्या कर दी इसके बाद खुद भी फांसी लगा ली। उसकी पत्नी और दोनों बच्चों के शव एक ही बेड पर पड़े मिले।

By Jagran NewsEdited By: Vinay SaxenaUpdated: Wed, 06 Dec 2023 05:51 PM (IST)
Hero Image
रायबरेली में एक डॉक्‍टर ने गुस्से में अपने परिवार को ही खत्म कर दिया।- सांकेत‍िक तस्‍वीर

संवाद सूत्र, लालगंज। रेलकोच कारखाना के अस्पताल में कार्यरत नेत्र चिकित्सक नशे का आदी था। उसने गुस्से में अपने परिवार को खत्म कर दिया। पहले बीवी और दोनों बच्चों की हथौड़ी मारकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगा ली। उसकी पत्नी और दोनों बच्चों के शव एक ही बेड पर पड़े मिले। बुधवार को आईजी तरुण गाबा तहकीकात करने पहुंचे और कहा कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो द‍िन से ब‍िना बताए ड्यूटी से था गायब

मिर्जापुर जनपद के फरदहा घाटमपुर थाना अहरौरा निवासी डॉ. अरुण सिंह आरेडिका के अस्पताल में लगभग छह साल से तैनात था। वह पत्नी अर्चना, बेटी अदीवा और बेटे आरव के साथ आवासीय कालोनी टाइप-4 में रहता था। वह सोमवार और मंगलवार को बिना बताए ड्यूटी से गायब था। मंगलवार की देर रात अस्पताल के कर्मचारी उसके घर पहुंचे। मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा था। अन्य दो दरवाजे अंदर से बंद थे। खिड़की से झांककर देखने पर घटना की जानकारी हुई।

पत्नी, बच्चों की हत्‍या के बाद लगाई फांसी

अंदेशा जताया जा रहा है कि रविवार की रात चिकित्सक ने मिठाई में नशीली दवा मिलाकर बीवी और बच्चों को खिला दी, फिर चेहरे और सिर पर हथौड़ी मारकर उनकी हत्या कर दी। बाद में खुद ग्राइंडर मशीन से अपनी नस काटनी चाही और असफल होने पर फांसी लगाकर जान दे दी।

नशीली दवाओं का करता था सेवन

उसके सहकर्मियों ने बताया कि डॉ. अरुण नशीली दवाओं का सेवन करता था। छह माह पहले आवासीय परिसर में उसका एक्सीडेंट हो गया था, जिसके बाद उसने नशा करना कम कर दिया था। नशा कम करने के बाद से वह अवसाद में रहने लगा था। वह बहुत ज्यादा गुस्सा करने लगा था। अस्पताल के कई कर्मचारियों से उसका झगड़ा भी हुआ था। इसी अवसाद के चलते उसने अपने परिवार को खत्म कर दिया।

यह भी पढ़ें: Raebareli News: रायबरेली में पत्नी व बच्चों को मार आरेडिका के डाक्टर ने फांसी लगा की आत्महत्या, इलाके में फैली दहशत

आईजी ने कहा- गहनता से की जा रही जांच

बुधवार को तहकीकात करने पहुंचे आईजी तरुण गाबा ने बताया कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। चिकित्सक ने अपनी बीवी और दोनों बच्चों की हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगा ली। घटना की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है।

यह भी पढ़ें: मतांतरण के आरोपी अब्दुल रहमान को इलाहाबाद हाई कोर्ट से सशर्त जमानत, गाज‍ियाबाद में दर्ज है FIR