Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हेल्प डेस्क पर का थर्मल स्कैनर खराब, आक्सीमीटर का पता नहीं

अस्पताल की कोविड हेल्प डेस्क पर महज दर्ज हो रहा नाम-पता। दवाओं की कमी से परेशान होते मरीज निजी मेडिकल का सहारा।

By JagranEdited By: Updated: Fri, 07 Jan 2022 12:34 AM (IST)
Hero Image
हेल्प डेस्क पर का थर्मल स्कैनर खराब, आक्सीमीटर का पता नहीं

सीतापुर : कोविड से बचाव की तैयारियों का हाल यह है कि जिला अस्पताल में थर्मल स्क्रीनिंग भी नहीं हो पा रही। अस्पताल की कोविड हेल्प डेस्क का थर्मल स्कैनर खराब है। यहां पल्स आक्सीमीटर भी नहीं है। हेल्प डेस्क पर महज जुकाम-बुखार व खांसी के मरीजों का नाम-पता ही दर्ज किया जा रहा है।

गुरुवार दोपहर 12:15 बजे तक हेल्प डेस्क पर सात लोगों का विवरण दर्ज किया गया। विवरण दर्ज कराने वालों की स्क्रीनिंग नहीं हो सकी। पूछने पर बताया कि स्कैनर खराब है। बुधवार को हेल्प डेस्क पर 12 लोगों का विवरण दर्ज किया गया था। सीएमएस जिला अस्पताल डा. केडी पांडेय ने बताया कि कोविड हेल्प डेस्क का थर्मल स्कैनर खराब है, यह जानकारी स्वास्थ्य कर्मचारियों ने नहीं दी। स्कैनर सही कराया जाएगा। व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी।

अस्पताल में दवाओं का भी टोटा :

जिला अस्पताल में दवाओं का भी टोटा है। गुरुवार को कई मरीज दवा काउंटर से निराश होकर निजी मेडिकल स्टोर पहुंचे। काउंटर से दवा लेकर निकले वीरेंद्र यादव ने बताया कि दो दवाएं मिल गई हैं। एक दवा डाक्टर ने बाहर से लेने को कहा है। पर्चे के पीछे दवा लिखी थी। वहीं, दवा काउंटर पर पूछने पर 500 एमजी की पैरासिटामोल, ब्रूफेन, डायक्लो न होने की जानकारी दी गई।

कोविड जांच के लिए लगी कतार :

जिला अस्पताल में कोविड जांच के लिए सैंपल देने वालों की कतार लगी हुई थी। दोपहर 12 बजे कई लोग सैंपल देने के लिए इंतजार करते दिखे। स्वास्थ्यकर्मी, सैंपलिग भी कर रहे थे। उधर, ब्लड व अन्य जांच के लिए भी मरीजों की भीड़ लैब के बाहर नजर आई। बारिश की वजह से अस्पताल गेट पर कीचड़ की समस्या का सामना भी मरीजों और तीमारदारों को करना पड़ा।

तीन और संक्रमित मिले, अब संख्या हो गई 10

सीतापुर : जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढ़ने लगा है। गुरुवार को तीन नए मरीज मिले हैं। सक्रिय केसों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। कोविड की पुष्टि होने वाले नौ मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। वहीं एक मरीज का लखनऊ में उपचार किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार को 1889 लोगों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। 1865 की जांच निगेटिव व तीन की रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं, 21 व्यक्तियों का सैंपल रिपीट किया गया। उधर गुरुवार को जांच के लिए 1813 लोगों का सैंपल लिया गया है। जिला अस्पताल में सैंपलिग व जांच भी जा रही है। यहां के डीएसएल लैब में भी सैंपल भेजे गए। बुधवार को जिले में दो कोरोना मरीज मिले थे।