Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जनमानस को भाजपा से जोड़ना ही अभियान का लक्ष्य: भूपेन्द्र चौधरी; भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिलाई सदस्यता

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से हर व्यक्ति और हर वर्ग को भाजपा से जोड़ने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं और नीतियों को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा और विपक्ष के फैलाए झूठ और भ्रम को बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने देश और प्रदेश की तस्वीर बदली है।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Sat, 07 Sep 2024 12:01 AM (IST)
Hero Image
जयसिंहपुर के गड़ौली गांव में महिलाओं को भाजपा की सदस्यता दिलाते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष। जागरण

जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से हर व्यक्ति व हर वर्ग को भाजपा से जोड़ने का काम करेंगे। हम केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं व नीतियों को लेकर जनता के बीच पहुंचेंगे। साथ ही विपक्ष के फैलाए झूठ, भ्रम और देश व समाज को तोड़ने की राजनीति को बेनकाब करने का काम करेंगे।

जयसिंहपुर क्षेत्र के गड़ौली गांव में आयोजित सदस्यता अभियान के दौरान भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश व प्रदेश की तस्वीर बदली है। जन अपेक्षाओं को पूरा करने का काम हुआ है। अब सदस्यता अभियान के माध्यम से जनमानस को भाजपा परिवार से जोड़ना है। प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनाने हैं।

सपा करती है अपराधियों में जाति देखने का काम 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सर्राफ के यहां पड़ी डकैती के आरोपी के मुठभेड़ में मारे जाने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया। कहा, अपराध और अपराधियों में जाति देखने का काम समाजवादी पार्टी करती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चलने वाली सरकार की प्राथमिकता है उत्तर प्रदेश में बेहतर-कानून का राज कायम करने की। हमारी सरकार ऐसे तत्वों पर जो गैरकानूनी काम करते हैं, अराजकता करते हैं, जिनकी समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता पाई जाती है, कठोर कार्रवाई कर रही है। 

उपचुनाव को लेकर कहा कि हम लोग पूरी तैयारी के साथ जनता के बीच में जाएंगे। योगी के नेतृत्व में दस की दस सीटें जीतेंगे।