Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

ड्यूटी कर रहे रेलवे पुलिस आरक्षी पर जानलेवा हमला

ड्यूटी दे रहे टनकपुर रेलवे सुरक्षा बल के आरक्षी पर शुक्रवार की रात चार लोगों ने हमला बोल दिया।

By JagranEdited By: Updated: Sat, 29 May 2021 10:02 PM (IST)
Hero Image
ड्यूटी कर रहे रेलवे पुलिस आरक्षी पर जानलेवा हमला

संवाद सहयोगी, टनकपुर : ड्यूटी दे रहे टनकपुर रेलवे सुरक्षा बल के आरक्षी पर शुक्रवार की रात चार लोगों ने हमला बोल दिया। घटना को अंजाम देने के बाद चारों लोग मौके से फरार हो गए। जानकारी के बाद घटना स्थल पर पहुंचे रेलवे पुलिस के कर्मचारियों ने उसे उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया। घायल के सिर में चोट आई है। तहरीर के बाद शनिवार को चार युवकों में से तीन की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। चारों के खिलाफ जीआरपी काठगोदाम थाने में आरक्षी को जान से मारने के प्रयास और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

घायल आरक्षी नीरज शर्मा पुत्र स्व. सतपाल शर्मा, निवासी पोस्ट स्वाना, थाना देहरा, गोपीपुर, जिला कांगड़ा हिमाचल प्रदेश ने घटना की तहरीर जीआरपी काठगोदाम के थानाध्यक्ष को दी है। उसने कहा है कि शुक्रवार की रात 11 बजे वह रेलवे टनकपुर के वाशिंग पिट के सपीम गश्त कर रहा था। इस दौरान वहां चार युवक बैठे मिले। उसने उन्हें वहां से हटने को कहा तो उन्होंने गली गलौज करते हुए उसके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने उसका फोन भी पटक कर तोड़ दिया। सूचना के बाद शनिवार को आरपीएफ के बरेली मंडल के कमांडेंट ऋषि पांडे और पीलीभीत के इंस्पेक्टर आरके सिंह भी रेलवे स्टेशन टनकपुर पहुचे और उन्होंने घटना की जानकारी ली। कमांडेंट ऋषि पांडेय ने बताया कि तीन आरोपितों को जीआरपी पूछताछ के लिए काठगोदाम ले गई है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपितों को बख्शा नहीं जाएगा।