Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Weather: होली पर इस बार खूब छूटेगा पसीना, दिल्ली में कब से होगी चुभन वाली गर्मी; जानिए IMD अपडेट

होली का त्योहार अमूमन मार्च के पहले अथवा दूसरे सप्ताह में पड़ता है। इस दौरान सर्दी अपनी वापसी की राह पर होती है और गर्मी दस्तक दे रही हाेती है। पानी से खेलने पर ठिठुरन भी महसूस होती है लेकिन इस साल यह माह के चौथे सप्ताह में 25 तारीख को पड़ रहा है। 11 मार्च से तापमान में वृद्धि होने लगेगी।

By sanjeev Gupta Edited By: Shyamji Tiwari Updated: Fri, 08 Mar 2024 06:00 AM (IST)
Hero Image
होली पर इस बार खूब छूटेगा पसीना, दिल्ली में कब से होगी चुभन वाली गर्मी

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भले ही अभी ठंड जाने का नाम नहीं ले रही हो, लेकिन रंगों का पर्व इस बार खासी गर्मी में मनेगा। होली तक तापमान इतना चला जाएगा कि पसीना छूटने लगेगा। भीगने पर ठंड नहीं, बल्कि अच्छा महसूस होगा। यह स्थिति भी केवल एनसीआर में ही नहीं, बल्कि हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में रहने वाली है।

इस दिन से बढ़ेगा दिल्ली का पारा

होली का त्योहार अमूमन मार्च के पहले अथवा दूसरे सप्ताह में पड़ता है। इस दौरान सर्दी अपनी वापसी की राह पर होती है और गर्मी दस्तक दे रही हाेती है। इसी कारण हल्की ठंड का एहसास बना रहता है। पानी से खेलने पर ठिठुरन भी महसूस होती है, लेकिन इस साल यह माह के चौथे सप्ताह में 25 तारीख को पड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से अभी दिल्ली का अधिकतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री से नीचे चल रहा है। दोनों ही सामान्य से कम हैं, लेकिन 11 मार्च से तापमान में वृद्धि होने लगेगी। 13 मार्च तक न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री व अधिकतम 30 डिग्री तक चला जाएगा। 25 मार्च तक अधिकतम 35- 36 और न्यूनतम 18- 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने भी बीते सप्ताह कहा था कि अल नीनो की स्थितियां मार्च से मई के मध्य तेज गर्मी रहेगी।

होली पर अधिकतम तापमान

वर्ष 2011 में होली पर अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वर्ष 2010 में होली का पर्व फरवरी माह में पड़ा था। सन 2021 में तीसरी बार था जब वर्ष 2000 के बाद होली का पर्व 25 मार्च के बाद पड़ा। अमूमन इन दिनों मौसम अधिक गर्म माना जाता है।

इससे पहले वर्ष 2005 में 25 मार्च को होली का पर्व था। 2013 में 27 मार्च को होली मनाई गई थी। 2021 में 29 मार्च को होली थी, तब तापमान 38 डिग्री पार हो गया था। 2022 में यह 18 मार्च को थी और तापमान 36 डिग्री पार रहा था। 2023 में यह पर्व आठ मार्च को था, तब तापमान 30.7 डिग्री रहा था। इस बार आठ मार्च को ही होली 35 से 36 डिग्री के बीच मनाई जाएगी।

सर्दी अब विदाई ले चुकी है। तापमान और गर्मी के एहसास में धीरे धीरे वृद्धि ही होगी। 35-36 डिग्री तापमान में पसीना छूटना भी स्वाभाविक है। इसमें कोई संदेह नहीं कि होली पर ठंड नहीं बल्कि ठीक ठाक गर्मी का एहसास होगा। -महेश पलावत, उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन), स्काईमेट वेदर

13 साल की सबसे ठंडी सुबह

बृहस्पतिवार काे लगातार तीसरे दिन दिल्ली की सुबह 2012 से लेकर अभी तक सबसे ठंडी रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 8.8 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 2012 से लेकर अभी तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो मार्च में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम नहीं गया, वो भी लगातार तीन चार दिन तक।

हवा में नमी का स्तर 88 से 29 प्रतिशत रहा। मौसम विभाका का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को आसमान साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान नौ डिग्री व अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दूसरी तरफ बृहस्पतिवार को भी दिल्ली वासियों के लिए प्रदूषण में राहत रही। दिल्ली का एक्यूआइ 181 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में आता है।

यह भी पढ़ें- Delhi Weather: मार्च का सबसे ठंडा दिन आज, दिल्ली में कब से बढ़ेगा पारा; जानिए हफ्तेभर का मौसम अपडेट