Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Rajasthan Election 2023: कांग्रेस और भाजपा में प्रत्याशी चयन को लेकर मंथन का दौर जारी, पूर्वी राजस्थान पर BJP का फोकस

राजस्थान विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति तय करने को लेकर मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही बड़ी पार्टियों में विचार मंथन का दौर चला। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजेअसम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया व दीया कुमारी विश्वराज को शामिल करने के पक्ष में थे। वहीं प्रदेश कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक मंगलवार को नई दिल्ली में गौरव गोगई की अध्यक्षता में हुई।

By Jagran NewsEdited By: Shalini KumariUpdated: Tue, 17 Oct 2023 05:16 PM (IST)
Hero Image
कांग्रेस और भाजपा में प्रत्याशी चयन को लेकर मंथन का दौर जारी

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति तय करने को लेकर मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही बड़ी पार्टियों में विचार मंथन का दौर चला। इस बीच महाराणा प्रताप के वंशज उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य विश्वराज सिंह मेवाड़ और राजस्थान के दिग्गज राजपूत नेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व.कल्याण सिंह कालवी के पौत्र भवानी सिंह कालवी मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए।

भाजपा के लिए साबित होगा फायदेमंद

दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में मेवाड़ और कालवी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, प्रदेशाध्यक्ष सी.पी.जोशी व सांसद दीया कुमारी मौजूद थी। मेवाड़ का भाजपा में शामिल होना पार्टी के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। उदयपुर, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा व प्रतापगढ़ जिलों में पूर्व राजपरिवार का अब भी काफी सम्मान है। लोग पूर्व राजपरिवार के प्रति आस्था रखते हैं। विश्वराज के पिता महेंद्र सिंह ने 1989 में भाजपा के टिकट पर चित्तौड़गढ़ सीट से लोकसभा का चुनाव लड़कर एक लाख 90 हजार वोटों से जीता था।

उदयपुर से मिल सकता है टिकट

सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे,असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया व दीया कुमारी विश्वराज को भाजपा में शामिल करने के पक्ष में थे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने सोमवार को उदयपुर यात्रा के दौरान प्रमुख नेताओं के साथ विश्वराज को भाजपा में शामिल करने को लेकर चर्चा की थी। नड्डा की यात्रा के दूसरे दिन विश्वराज को भाजपा में शामिल कर लिया गया। विश्वराज उदयपुर शहर से भाजपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें: Rajasthan Election 2023: राजस्थान में BJP को मिलेगा चुनावी फायदा, महाराणा प्रताप के वंशज और भवानी सिंह भाजपा में शामिल

भाजपा में प्रत्याशी चयन और पूर्वी राजस्थान को लेकर मंथन

नई दिल्ली में मंगलवार को दिनभर भाजपा नेताओं की बैठकों का दौर जारी रहा। नड्डा के आवास पर वसुंधरा, जोशी, मेघवाल, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित कोर कमेटी के सभी सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में शेष 159 सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर मंथन हुआ। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान कोर कमेटी के सदस्यों ने अपनी-अपनी सूची सौंपी। कुछ नामों पर सदस्यों की अलग-अलग राय सामने आई।

सर्वे के आधार पर होगा चयन

सूत्रों के अनुसार, नड्डा ने कहा कि पूर्व में जारी की गई 41 प्रत्याशियों की सूची में सर्वे में सामने आए नामों को प्राथमिकता दी गई है। शेष सीटों पर भी सर्वे को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में कांग्रेस की ओर से पूर्वी राजस्थान के 13 जिलों में निकाली जा रही पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना जनजागरण यात्रा को लेकर भी चर्चा हुई। 13 जिलों की 83 विधानसभा सीटों पर यात्रा से होने वाले संभावित प्रभाव को लेकर चर्चा हुई। प्रदेश चुनाव प्रभारी संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी के आवास पर भी प्रदेश के नेताओं की बैठक हुई।

कांग्रेस में आज जारी हो सकती है सूची

प्रदेश कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक मंगलवार को नई दिल्ली में गौरव गोगई की अध्यक्षता में हुई। कमेटी की बैठकों का दौर पिछले कई दिनों से लगातार जारी है। सूत्रों के अनुसार, कमेटी ने एक सौ सीटों पर संभावित प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार किया है।

अब बुधवार को होने वाली कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में इस पैनल को मंजूरी मिलने के बाद पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो सकती है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को जयपुर से नई दिल्ली पहुंचे। पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट पहले से ही नई दिल्ली में है। प्रदेश के अधिकांश वरिष्ठ नेता और टिकट के दावेदार पिछले कई दिनों से वहां डटे हुए हैं।

यह भी पढ़ें: Rajasthan Election: कौन हैं हेमाराम चौधरी, जिन्हें जनता लड़ाना चाहती चुनाव; समर्थकों ने रो-रोकर सामने रख दी पगड़ी