Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ambala News: ओलावृष्टि से परेशान किसानों को मुआवजा दे सरकार, विशाल जन आक्रोश रैली में जमकर बरसे भूपेंद्र सिंह हुड्डा

मुलाना हलके के दशहरा मैदान पर आयोजित विशाल जन आक्रोश रैली को नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupendra Singh Hooda) ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार (Haryana Government) पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ओलावृ्ष्टि से पीड़ित किसानों को राज्य सरकार मुआवजा दे। साथ ही प्रदेश की जनता बीजेपी सरकार (Bjp Government) से त्रस्त हो चुकी है।

By Jagran News Edited By: Deepak Saxena Updated: Sat, 03 Feb 2024 05:41 PM (IST)
Hero Image
विशाल जन आक्रोश रैली में जमकर बरसे भूपेंद्र सिंह हुड्डा।

जागरण संवाददाता, अंबाला। मुलाना हलके के ऐतिहासिक दशहरा मैदान पर आयोजित विशाल जन आक्रोश रैली को संबोधित करने के लिए नेता प्रतिपक्ष व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहुंचे। वहां, उन्होंने कहा कि गर्मी की अग्निपरीक्षा देखी, सर्दी परीक्षा देखी और आज बारिश परीक्षा भी देख ली। ये इस बात का संकेत है कि आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का है।

ओलावृष्टि से पीड़ित किसानों को मुआवजा दे सरकार

कड़ाके की ठंड और बारिश के बावजूद भारी संख्या में लोग सुबह से ही मैदान में डटे हुए थे। रैली को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदयभान, सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने भी संबोधित किया। भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पंचकूला यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र आदि जिलों में ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। सरकार तुरंत गिरदावरी कराकर किसानों को पूरा मुआवजा दे, जिससे उन्हें कुछ राहत मिल सके।

खाद का बढ़ा रेट लेकिन घटा वेट: भूपेंद्र हुड्डा

भूपेंद्र हुड्डा ने आगे कहा कि 2022 तक किसान की आमदनी दोगुनी करने की बात करने वालों ने किसान की लागत और खर्चा दोगुना कर दिया। खाद का रेट बढ़ा दिया और वेट घटा दिया। वहीं, ये सरकार ठेकेदार बनकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और कौशल निगम के जरिये कमीशन पर कच्ची नौकरी दे रही है। उन्होंने कहा कि दूसरे देश की सरकारें तो युद्ध क्षेत्र इजराइल से अपने लोगों को निकाल रही है, लेकिन हरियाणा सरकार अपने युवाओं की जान जोखिम में डालकर उनको इजरायल भेज रही है।

कांग्रेस की सरकार बनने पर बनवाएंगे दादूपुर नलवी नहर

हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार का हिसाब करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने पर इस इलाके की पुरानी मांग दादूपुर नलवी नहर को दोबारा बनवायेंगे जिसे इस सरकार ने तहस नहस कर दिया था, जिससे ये इलाका खुशहाल हो और आगे बढ़े। उन्होंने गन्ना किसानों के बकाया पेमेंट की समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि 2014 में सरकार छोड़ते समय गन्ना किसानों का एक पैसा बकाया नहीं था लेकिन आज नारायणगढ़ शुगर मिल जाने की बात हो रही है जहां गन्ना किसानों की पेमेंट बकाया है।

कांग्रेस की सरकार आने पर देंगे इन योजनाओं का लाभ

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने पर गन्ना किसानों की पूरी पेमेंट करायेंगे। किसानों से धोखा नहीं होने देंगे। साथ ही प्रदेश में गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति कुंटल किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर बुजुर्गों की पेंशन 6000 महीना करेंगे और जिनकी पेंशन काटी गयी है उसे दोबारा शुरु करेंगे। 500 रुपये में गैस सिलेंडर, कर्मचारियों के लिये पुरानी पेंशन स्कीम लागू करेंगे।

हर परिवार को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। किसानों को एमएसपी गारंटी देंगे किसान को कर्ज माफी से कर्ज मुक्ति तक ले जायेंगे। गरीब परिवारों के लिए 100-100 गज के मुफ्त प्लॉट, बच्चों के लिए स्कॉलरशिप योजना फिर लागू करेंगे और खाली पड़े 2 लाख पदों पर पक्की भर्ती शुरु करेंगे।

वोटकाटू पार्टियों से बचे जनता: उदयभान

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदयभान ने लोगों को आगामी चुनाव में वोटकाटू पार्टियों से बचने की सलाह देते हुए कहा कि आज संविधान को बचाने की जरूरत है। बीजेपी लोकतंत्र और संविधान विरोधी पार्टी है। उन्होंने बीजेपी सरकार के झूठ और जुमलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इस चुनाव में जनता इन जुमलेबाज और झूठे नेताओं को नकार देगी। हरियाणा को काम करने वाले नेताओं की जरुरत है।

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में बदलाव तय है। पिछले 1 साल में अलग-अलग पार्टियों से 35 पूर्व विधायक कांग्रेस पार्टी में शामिल हो चुके हैं। ये इस बात का संकेत है कि प्रदेश में बदलाव होने वाला है। देश अब हरियाणा की तरफ देख रहा है कि लोग चुनाव में किसानों का साथ देंगे या 750 किसानों की बलि लेने वालों का। जंतर-मंतर पर न्याय के लिये बैठी पहलवान बेटियों का साथ देंगे या उनको सड़कों पर घसीटने वालों का।

ये भी पढ़ें: Haryana: सबूत देने के लिए 'मृतक' युवक लगा रहा सरकारी दफ्तरों के चक्कर, सुनने को तैयार नहीं अधिकारी

बीजेपी के पास धनबल, सत्ताबल जबकि कांग्रेस पास जनता का हौसला- दीपेंद्र हुड्डा

हरियाणा के कोने-कोने से एक ही आवाज आ रही है कि बीजेपी-जेजेपी सरकार जा रही है और कांग्रेस सरकार आ रही है। हरियाणा ने हमेशा देश को दिशा देने का काम किया है। इस चुनाव में पूरे देश की नज़र हरियाणा पर रहेगी। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी के पास धनबल, सत्ताबल है जबकि उनके पास जनता का दिया हौसला है। भाजपा के पास इतना अकूल पैसा है कि उसने देश भर में आलीशान कार्यालय बना लिये लेकिन लोगों के लिए न कॉलेज खोले, न स्कूल खोले।

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री जी हर रोज कांग्रेस पार्टी की चिंता करते हैं और उनके खिलाफ बयान देते हैं, जबकि मुख्यमंत्री जी को हरियाणा के लोगों की चिंता करनी चाहिए।

हरियाणा में हर रोज आ रहे एक के बाद एक घोटाले: दीपेंद्र हुड्डा

उन्होंने कहा कि बीजेपी-जेजेपी का समझौता 5100 रुपये बुढ़ापा पेंशन का नहीं, बल्कि प्रदेश को लूटने और भ्रष्टाचार करने के समझौते का था। हरियाणा में हर रोज एक के बाद एक बड़े घोटाले सामने आ रहे हैं। हरियाणा के बच्चे बच्चे को पता है कौन किस जिले में कितना लूट रहा है। 30 से ज्यादा भर्ती घोटाले किये। 5 साल में कोई बड़ी भर्ती नहीं निकाली। कौशल निगम और अग्निवीर के माध्यम से पक्की भर्ती को कच्चे में बदल दिया। पहले हरियाणा से हर साल साढ़े 5 हजार नौजवान फौज में भर्ती होते थे, अब हर साल करीब 900 अग्निवीर भर्ती हो रहे जिसमें से केवल 200 ही पक्के होंगे।

ये भी पढ़ें: HPSC Exam: HSC परीक्षा के लिए जींद से 6 जिलों के चलाई जाएंगी स्पेशल बसें, परीक्षार्थियों को मिलेगी सहूलियत