Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Una: 'राहुल गांधी की न्याय यात्रा छलावा, कांग्रेस नेताओं के साथ खुद ही हो रहा अन्‍याय'; अनुराग ठाकुर विपक्ष पर कसा तंज

Una News केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक बार फिर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस की न्याय यात्रा छलावा है। जिस कांग्रेस में राहुल गांधी और सोनिया गांधी लोगों को न्याय दिलाने की बात करते हैं वहां कांग्रेस के नेताओं को हीं न्याय नहीं मिल रहा है। एक के बाद एक बड़ा नेता कांग्रेस को छोड़ रहा है।

By satish chandan Edited By: Himani Sharma Updated: Sun, 14 Jan 2024 09:52 PM (IST)
Hero Image
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर विपक्ष पर कसा तंज

जागरण संवाददाता, ऊना। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की न्याय यात्रा छलावा है। जिस कांग्रेस में राहुल गांधी और सोनिया गांधी लोगों को न्याय दिलाने की बात करते हैं वहां कांग्रेस के नेताओं को हीं न्याय नहीं मिल रहा है। एक के बाद एक बड़ा नेता कांग्रेस को छोड़ रहा है।

रविवार को ऊना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल राजनीतिक मंशा से श्री राम मंदिर कार्यक्रम का विरोध भी कर रहे हैं, निमंत्रण भी स्वीकार नहीं कर रहे हैं और इस कार्यक्रम से दूरी बना रहे हैं।

यह श्री राम मंदिर का कार्यक्रम है यह आस्था का, सनातन का, धर्म का कार्यक्रम है इसलिए किसी को भी श्री राम मंदिर के निर्माण को लेकर इस प्रकार का व्यवहार नहीं करना चाहिए । उन्होंने कहा कि कांग्रेस हिंदू विरोधी चेहरा सामने ला रही है जो कांग्रेस के नेतृत्व के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।

भागने का काम कर रही विपक्षी दल

हमारी कई पीढ़ियां राम मंदिर आंदोलन के साथ खप गईं। कई कार्यकर्ताओं ने अपना पूरा जीवन उसके लिए समर्पित कर दिया। हमारे चुनावी मेनिफेस्टो में श्री राम मंदिर का नाम देखकर कांग्रेस और विपक्षी दल कहते थे कि भाजपा वाले मंदिर तो बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे।

यह भी पढ़ें: Una: गगरेट विधायक चैतन्‍य शर्मा ने Ram Mandir फ्री यात्रा पंजीकरण की बनाई योजना, लाइव दिखाया जाएगा प्राण प्रतिष्‍ठा समारोह

आज जब मंदिर बन गया, तारीख तय हो गई, प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है, तब यही विपक्षी दल भागने का काम कर रहे हैं। यह वही लोग हैं जिन्होंने श्री राम को काल्पनिक बताया था। यह वही लोग हैं जिन्होंने हमें अपने श्री राम लला को टेंट में रखने पर मजबूर किया था। इन्होंने फिर से बाबरी मस्जिद बनवाने का भरपूर प्रयास किया।

राम मंदिर के निर्माण में डाली बाधा- अनुराग

विपक्ष ने राम मंदिर के निर्माण में बाधा डालने के लिए वकीलों की फौज खड़ी की। तो हम यह कैसे अपेक्षा कर सकते हैं कि कांग्रेस के लोग श्रीराम जी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अयोध्या आएंगे? ठाकुर ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश को राममय किया है। मेरा आप सभी से अनुरोध है की राष्ट्र निर्माण के अभियान में जो भी भारतीय जनता पार्टी से जुड़ना चाहे उसे अवश्य जोड़ें। सभी को मिलकर तीसरी बार नरेंन्द्र मोदी को पूर्ण बहुमत के साथ प्रधानमंत्री बनाना है।

सहयोगी दल भी कांग्रेस के साथ गठबंधन करने में कतरा रहे

अनुराग ठाकुर ने इंडी गठबंधन और कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मिली करारी शिकस्त के बाद आज सहयोगी दल भी कांग्रेस के साथ गठबंधन करने में कतरा रहे हैं। डूबते जहाज पर कोई सवारी नहीं करना चाहता। कांग्रेस तो डूबी ही है, अपने साथ अन्य दलों को भी डूबा रही है। उधर बंगाल में ममता बनर्जी सीटें देने को तैयार नहीं हैं। इधर नीतीश कुमार संयोजक बनने के लिए तैयार नहीं हैं। शरद पवार अपना पल्ला झाड़ रहे हैं और जब खड़गे का नाम आया तो गांधी परिवार तैयार नहीं है। यह गठबंधन नहीं सिर्फ इंटरटेनमेंट है।

यह भी पढ़ें: Una News: मासूम बच्चे को बनाया चोर, बर्थडे पार्टी से चोरी कराया बैग; 3 लाख कैश, सोने की चैन-कड़े हुए साफ

भारतीय जनता पार्टी में सभी को सम्मान मिला

कई नेताओं द्वारा कांग्रेस छोड़ने पर चुटकी लेते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा की कपिल सिब्बल, गुलाम नबी आजाद, अश्विनी कुमार, हिमंता बिस्वा शर्मा, सुरेश जाखड़, आरपीएन सिंह, अनिल एंटोनी, हार्दिक पटेल, ज्योतिरादित्य सिंधिया और अब मिलिंद देवड़ा ने भी कांग्रेस छोड़ दी है। अपनी पार्टी में ही न्याय न मिलने के कारण आज कांग्रेस छोड़ने वालों की लंबी लाइन लगी है।

भारतीय जनता पार्टी में सभी को सम्मान मिला है। हम अच्छे लोगों को अपना परिवार मानते हैं। यही कारण है की आज कोई मुख्यमंत्री है, कोई केंद्रीय मंत्री है, कोई सांसद है, कोई विधायक है। आज लोग पीएम मोदी के विकास के साथ जुड़ना चाहते हैं।