Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

झरिया शहर में वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं, सड़क पर लगते हैं टेंपो व बाइक

झरिया में वाहन पार्किंग व टेंपो स्टैंड की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी होती है।

By JagranEdited By: Updated: Sat, 06 Aug 2022 05:40 PM (IST)
Hero Image
झरिया शहर में वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं, सड़क पर लगते हैं टेंपो व बाइक

झरिया शहर में वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं, सड़क पर लगते हैं टेंपो व बाइक

गोविन्द नाथ शर्मा, झरिया : लगभग 350 साल पुराने काले हीरे के शहर झरिया में वाहन पार्किंग व टेंपो स्टैंड की व्यवस्था नहीं होने से यात्री और निजी वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। झरिया, धनबाद और सिंदरी रूट पर चलने वाले सैकड़ों टेंपो झरिया में स्टैंड या वाहन पार्किंग के अभाव में सड़क पर ही लगा दिए जाते हैं। यह समस्या वर्षों से है। सड़क पर टेंपो के लगने से आए दिन सड़क जाम की समस्या होती है। लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बावजूद इसके पुलिस व प्रशासन गंभीर नहीं है। बताते हैं कि धनबाद से झरिया और सिंदरी सड़क पर एक हजार से अधिक यात्री वाहन टेंपो चलते हैं। लेकिन झरिया शहर में टेंपो स्टैंड या वाहन पार्किंग नहीं होने से चालकों को मजबूरी में सड़क किनारे ही टेंपो को खड़ा कर सवारी बैठाना पड़ता है। बाटा मोड़ से लेकर चार नंबर तक सड़क किनारे जगह-जगह चालक टेंपो को खड़ा कर देते हैं। इससे सड़क जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है।

झरिया में सड़क किनारे लोग लगाते हैं वाहन व बाइक

झरिया शहर में खरीदारी करने के लिए हर दिन आसपास क्षेत्र से हजारों लोग आते हैं। अधिकांश लोग अपने निजी वाहन और बाइक से ही यहां आते हैं। ऐसे में शहर में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं होने से लोग चार नंबर से बाटा मोड़ तक अपने चार पहिया वाहन व बाइक को सड़क किनारे ही लगा देते हैं। इससे हर दिन सड़क जाम की समस्या बनी रहती है। झरिया में वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग यहां बाजार करने में आने से भी कतराने लगे हैं। लेकिन पुलिस व प्रशासन के अधिकारी सब जान कर भी अंजान बने हुए हैं। इसका खामियाजा हर दिन झरिया शहर में आने वाले लोगों को उठाना पड़ता है।

फुटपाथ पर है दुकानदारों का कब्जा

झरिया चार नंबर से लेकर बाटा मोड़ और लक्ष्मीनिया मोड़ तक सड़क के किनारे फुटपाथ पर अवैध दुकानदारों का कब्जा है। हर दिन यहां सड़क किनारे फुटपाथ पर सैकड़ों दुकान लगाए जाते हैं। फुटपाथ पर दुकान लगाए जाने के कारण टेंपो और बाइक को सड़क किनारे ही लगाने को लोग मजबूर होते हैं। टेंपो वाहन यूनियन के सुनील कुमार पासवान ने कहा कि प्रशासन और नगर निगम की ओर से झरिया में टेंपो स्टैंड के नहीं बनाने से ही चालक सड़क किनारे खड़ा करने को मजबूर होते हैं।