Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Greater Noida: सीने में दो गोली मारकर महिला की हत्या, शव को हरियाणा बॉर्डर पर बांध किनारे फेंका

ग्रेटर नोएडा के अट्टा गुजरान गांव में सड़क किनारे महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के दो गोलियां सीने में लगी हुई हैं। शव की अभी तक पहचान नहीं हो पा रही है। आशंका जताई गई है कि महिला की उम्र 30 से 35 के करीब है। गोली लगने के अलावा शरीर के कई अन्य जगह भी चोट के निशान मिले हैं।

By Jagran News Edited By: Geetarjun Updated: Sun, 24 Dec 2023 06:32 PM (IST)
Hero Image
दो गोली लगी हुई अवस्था में मिला महिला का शव।

प्रवीण विक्रम सिंह, दनकौर। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के अट्टा गुजरान गांव के समीप स्थित यमुना नदी के बांध के पास महिला का शव गोली लगी अवस्था में मिला है। शरीर पर गोलियों के निशान है। जहां शव मिला वहां से हरियाणा का बॉर्डर कुछ ही दूरी पर है। ऐसे में आशंका है कि हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के मकसद से बांध किनारे फेंका गया है।

राहगीरों द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। महिला के शव की पहचान नहीं हो पाई है। पहचान के लिए पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से संपर्क शुरू कर दिया है।

रविवार दोपहर बाद पुलिस को सूचना मिली कि यमुना नदी के बांध के नजदीक एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां देखा कि करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव झाड़ियों में पड़ा हुआ है। जिसके सीने में गोली और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान मिले।

सूचना मिलने के बाद मौके पर आसपास के गांव के लोग भी पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि शव के पास से पहचान की कोई वस्तु प्राप्त नहीं हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस को आशंका है कि किसी अन्य स्थान पर महिला की हत्या कर शव को दनकौर क्षेत्र में फेंका गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर जल्द ही मामले का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार सिंह का कहना है महिला के शरीर पर चोट के काफी निशान पाए गए हैं। महिला की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

बिना सीसीटीवी कैमरे वाला रूट चुना

महिला की हत्या करने वाले आरोपितों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए ऐसा रूट चुना जहां रास्ते में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है। महिला के शव की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। आशंका है कि हरियाणा बॉर्डर को प्रवेश करने के बाद शव को दनकौर क्षेत्र में फेंका गया।

इस वर्ष चरम पर महिला संबंधित अपराध

17 दिसंबर: बीटा दो कोतवाली क्षेत्र के एच्छर में महिला निशा से मोबाइल लूटा।

17 दिसंबर: सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सोसायटी के समीप छात्रा से लूट।

पांच नवंबर: दनकौर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के समीप अज्ञात महिला का शव मिला।

26 सितंबर: सूरजपुर से घर लौट रही महिला राजकुमारी की गोली मारकर हत्या।

26 जुलाई: पुलिस प्रताड़ना से तंग होकर 30 वर्षीय मोनी ने दी अपनी जान।