Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अफगानिस्तान में तालिबान ने नियुक्त किया 'दा अफगानिस्तान बैंक' का कार्यकारी प्रमुख

तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर कब्जा करने के बाद देश के केंद्रीय बैंक के प्रमुख के तौर पर हाजी मुहम्मद इदरीस को नियुक्त किए गया है। केंद्रीय बैंक के प्रमुख अजमल अहमदी थे जिन्होंने तालिबान द्वारा अफगानिस्तान में काबिज होने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

By Avinash RaiEdited By: Updated: Mon, 23 Aug 2021 10:31 PM (IST)
Hero Image
आतंकी संगठन तालिबान ने हाजी मुहम्मद इदरीस को 'दा अफगानिस्तान बैंक' का कार्यकारी प्रमुख नियुक्त किया

काबुल, एएनआइ। तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर कब्जा करने के बाद देश के केंद्रीय बैंक के प्रमुख के तौर पर हाजी मुहम्मद इदरीस को नियुक्त किए गया है। बता दें कि इससे पहले केंद्रीय बैंक के प्रमुख अजमल अहमदी थे जिन्होंने तालिबान द्वारा अफगानिस्तान में काबिज होने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था और काबुल से भाग गए थे।

अफगानिस्तान के सेंट्रल बैंक के प्रमुख के तौर पर आतंकी संगठन तालिबान की ओर से हाजी मुहम्मद इदरीस को 'दा अफगानिस्तान बैंक' (डीएबी) का कार्यकारी प्रमुख नियुक्त किया गया है। अफगानिस्तान का यह सेंट्रल बैंक है जिसकी प्रणाली देश की तरह ही गर्त में है। पाझवोक अफगान न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले हाजी मुहम्मद इदरीस तालिबान आर्थिक आयोग के प्रमुख थे और उन्हें सरकारी संस्थानों को संगठित करने, बैंकिंग मुद्दों और लोगों की समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से इस पद के लिए नियुक्त किया गया है।

इस बीच, तालिबान के कब्जे के बाद सभी बैंक बंद होने से अफगानी जनता को ढेरों परेशानियां हो रही हैं। खामा प्रेस ने बताया कि काबुल में लोग बैंकों के बंद होने और सबसे बड़े पैसे बदलने वाले बाजार सराय शहजादा के कारण मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। सरकारी और निजी कर्मचारी भी परेशान हैं कि महीना खत्म होने को हैं और उनके वेतनों का इंतजाम कैसे होगा इसका कोई ठिकाना नहीं है। सरकारी बैंक खोलने को लेकर अभी तक कोई भी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, तो वहीं निजी बैंकों ने अनिश्चितकाल तक बैंक बंद रखने की घोषणा की है।

15 अगस्त के दिन अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी देश छोड़ कर भाग गए, जिसके बाद देश की सरकार गिर गई। पिछले सप्ताह तालिबान के नियंत्रण में आने के बाद लोग देश छोड़ने की जल्दी में हैं। दा अफगानिस्तान बैंक के पूर्व प्रमुख अजमल अहमदी ने अफगान सुरक्षा बलों की वफादारी और अराजक पतन के लिए राष्ट्रपति अशरफ गनी और उनके अनुभवहीन सलाहकारों को दोषी ठहराया है।